पटना (न्यूज सिटी)। बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉo निखिल आनंद ने सामना के आलेख पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि बॉलीवुड माफियाओं और आर...
पटना (न्यूज सिटी)। बिहार भाजपा प्रवक्ता डॉo निखिल आनंद ने सामना के आलेख पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि बॉलीवुड माफियाओं और आरोपियों का शुभचिंतक बनकर महाराष्ट्र सरकार, मुम्बई पुलिस और कांग्रेस- शिवसेना से जुड़े लोग सुशांत की मृतआत्मा के चरित्रहनन का घटिया प्रयास कर रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार की हरकत देखिए कि बिहार पुलिस पर प्रॉक्सी केस करवा रही है। यही नहीं उद्धव सरकार, बॉलीवुड माफिया गिरोह और कांग्रेस पार्टी खुलकर अपने- अपने वकीलों के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में आरोपियों के पक्ष में मैदान में उतर गई है। सुशांत केस आरोपियों के पक्ष में बॉलीवुड माफियाओं का शुभचिंतक बनकर जब कांग्रेस सामने आ गई है तो अब राहुल गाँधी और प्रियंका गाँधी को इसपर अपना स्पष्टीकरण भी देना चाहिए। सुशांत मामले में आरोपियों के साथ खुलकर खड़ी होकर शिवसेना- कांग्रेस किसका हित साधने में लगी है, किसको बचाने के लिए कानून और न्याय से खिलवाड़ किया जा रहा है।
निखिल आनंद ने कहा कि महाराष्ट्र में अंधेरगर्दी है जिसके चौपट राजा श्रीमान उद्धव ठाकरे जी बन गए है। महाराष्ट्र में गुंडागर्दी है, दिशा और सुशांत से जुड़े तथ्यों- सबूतों को मिटाया जा रहा है। दिशा सालियान से जुड़ी फाईल डिलीट करने की बात सामने आई अब मुम्बई पुलिस दिशा के कपड़े फ़ोरेंसिक जाँच के लिए भेज रही है। महाराष्ट्र में जिस तरह खुल्लमखुल्ला न्याय विरोधी गतिविधियों को अंजाम देकर कानून की धज्जियाँ उड़ायी जा रही है तो ऐसे में सिर्फ सीबीआई और सुप्रीम कोर्ट से ही सुशांत को न्याय मिलने की उम्मीद अब बच गई है। अब भी हमारी माँग है कि सीबीआई संजय राऊत-आदित्य ठाकरे से पूछताछ तो करे ही, उनका नारको एनालिसिस टेस्ट भी जरुर करे।



