पटना सिटी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त...
पटना सिटी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश पर युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए मंगलवार शाम को पूरे देश में मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट किया गया।
शाम 7:00 बजे जैसे ही सायरन बजा, देश भर में बिजली काट दी गई और कुछ ही क्षणों में गांव, कस्बे और शहर अंधेरे में डूब गए। यह आयोजन भारत की आंतरिक एकता और आपातकालीन तैयारी का प्रतीक बन गया।
पटना सिटी स्थित ऐतिहासिक तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब इस राष्ट्रीय आयोजन में सबसे आगे रहा। निर्धारित समय से पहले ही गुरुद्वारे की सभी लाइटें बंद कर दी गईं, और सड़क से गुजरने वाले वाहनों को भी रोका गया। सिख समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में गुरुद्वारे के बाहर एकत्र होकर “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए और देश की एकता का संदेश दिया।
ब्लैकआउट से पूर्व पुलिस द्वारा माइकिंग कर लोगों से अपील की गई थी कि वे मॉक ड्रिल में भाग लें।
डीएसपी-2, पटना सिटी डॉ. गौरव कुमार ने कहा कि “यह आयोजन देश की सजगता और एकजुटता का प्रमाण है। हम हर आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”



