नई दिल्ली। होटल ली मेरिडियन में इंडियन ईपीआर एलायंस द्वारा आयोजित इंडिया क्लाइमेट समिट 2025 को संबोधित करते हुए चांदनी चौक के सांसद एवं कॉन...
नई दिल्ली। होटल ली मेरिडियन में इंडियन ईपीआर एलायंस द्वारा आयोजित इंडिया क्लाइमेट समिट 2025 को संबोधित करते हुए चांदनी चौक के सांसद एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पॉन्सिबिलिटी (EPR) को सिर्फ एक बाध्यता के रूप में देखने के बजाय एक बड़े अवसर के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी, रिटेलर और थोक विक्रेता भारत की सर्कुलर अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समावेशी विकास के विजन के अनुरूप है।
कैट बिहार अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत मिशन LiFE, स्वच्छ भारत अभियान और 2070 तक नेट जीरो लक्ष्य जैसी पहलों के माध्यम से सस्टेनेबिलिटी के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधन दक्षता और जवाबदेही में ईपीआर की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कैट बिहार उपाध्यक्ष रवि गुप्ता ने कहा कि अब तक अपशिष्ट प्रबंधन मुख्य रूप से अनौपचारिक कचरा बीनने वालों और छोटे रीसाइक्लर्स पर निर्भर रहा है, लेकिन ईपीआर एक संरचित ढांचा प्रदान करता है, जो व्यापारियों, निर्माताओं और नीति-निर्माताओं को आपस में जोड़ता है। उन्होंने प्लास्टिक, पैकेजिंग, ई-वेस्ट और स्क्रैप क्षेत्रों में छोटे व्यापारियों को अधिकृत कलेक्शन पार्टनर बनने का आह्वान किया ताकि वे ईपीआर अनुपालन को अपनाकर अपनी आय को स्थिर कर सकें और व्यापार का विस्तार कर सकें।




