पटना सिटी। महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में मंगलवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शिव बारात में भग...
पटना सिटी। महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में मंगलवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शिव बारात में भगवान शंकर दूल्हे के रूप में नंदी पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। सिमली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ देवाधिदेव महादेव की पूजा एवं महाआरती के बाद शोभायात्रा प्रारंभ हुई।
शिव बारात का भव्य स्वागत, पुष्प वर्षा और आरती
भूत, बैताल और अघोरी दल के साथ निकली शिव बारात अशोक राजपथ होते हुए मालसलामी, मारूफगंज, मंसूरगंज, पूर्व दरवाजा, हाजीगंज, चामडोडिया, चौक, मच्छरहट्टा, पश्चिम दरवाजा, भद्र घाट होते हुए गायघाट स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर पहुंची। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शिव बारात का स्वागत किया। मार्ग के दोनों किनारों पर शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने पुष्प वर्षा एवं आरती कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
आकर्षक झांकियां बनीं शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण
शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ की अलग-अलग स्वरूपों की झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें सिमली से नंदी पर सवार दूल्हा बने भोलेनाथ, नूरुद्दीन से निकली कमला देवी, छोटी पटन देवी से अमरनाथ गुफा, सिमली से शिव की जटा से निकलती गंगा, भगवा दल की ओर से नंदी पर शिव-पार्वती तथा भरतपुर सिमली से महाकुंभ की झांकियां मुख्य रूप से शामिल थीं। बनारस से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति संगीत और नृत्य झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शोभायात्रा का नेतृत्व और प्रशासनिक व्यवस्था
शोभायात्रा का नेतृत्व विधानसभा अध्यक्ष सह विधायक नंदकिशोर यादव, समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साह, महापौर सीता साहू, उप महापौर रश्मि चंद्रवंशी, वार्ड पार्षद अंजली राय, संयोजक राजेश साह, महामंत्री जयकृष्ण प्रसाद, प्रभाकर मिश्रा, दिलीप चौधरी, शाह कमल कृष्णा, राजू चंद्रवंशी, धीरेंद्र सिंह, मनोज वर्मा, सुरेश सिंह पटेल, टिंकू रावत, राजेश यादव, जय कुमार, लालू शर्मा, जगनारायण केसरी, कौशल शर्मा, उदय कृष्ण यादव, विनय केसरी एवं मुकेश अग्रहरि आदि कर रहे थे।
महिलाओं की भजन मंडली और युवाओं की भक्ति में झूमती टोली
फूल मालाओं से सजे भव्य रथ पर भगवान भोलेनाथ की मूर्ति विराजमान थी। स्वयंसेवी संगठनों ने जगह-जगह आरती उतारते हुए पुष्प वर्षा की। रथ के साथ महिलाओं की मंडली भजन-कीर्तन में लीन रही, जबकि आर्केस्ट्रा भजन मंडली के गाए भक्ति गीतों पर युवा टोली भक्ति भाव से झूम रही थी।
गायघाट गौरी शंकर मंदिर में हुआ भव्य स्वागत
करीब छह किलोमीटर की यात्रा पूरी कर जब शिव बारात गायघाट स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर पहुंची, तो मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में विश्वनाथ चौधरी, चुन्नू चंद्रवंशी, दिलीप गुप्ता, राजेंद्र यादव समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।






