पटना सिटी। मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के लोहा का पुल पश्चिमी कस्बा मोहल्ले में एक श्राद्ध समारोह के दौरान दो गुटों में हुई जमकर मारपीट और गोलीबा...
पटना सिटी। मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के लोहा का पुल पश्चिमी कस्बा मोहल्ले में एक श्राद्ध समारोह के दौरान दो गुटों में हुई जमकर मारपीट और गोलीबारी में हलवाई मनीष कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। मनीष कुमार की मौत से गुस्साए उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर हंगामा किया और शव को सड़क पर रखकर आगजनी कर दी। इस दौरान सुदर्शन पथ मुख्य सड़क घंटों जाम रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई।
मनीष कुमार का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों द्वारा सड़क पर रखा गया। हंगामे के बाद विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों को शांत किया। बाद में शव को अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट भेज दिया गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मनीष कुमार के परिजनों का कहना है कि मनीष घर का अकेला कमाने वाला सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर गंभीर संकट आ गया है। यह घटना बीते रविवार की रात की है, जब श्राद्ध समारोह के दौरान दो गुटों के बीच मारपीट और गोलीबारी हो गई थी। इस घटना में मनीष के गर्दन में गोली लगी, जिसके बाद उसे एनएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया।




