पटना सिटी। श्री श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट का 20वां स्थापना समारोह राजाराम लेन स्थित श्री श्याम मंदिर प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। इस अव...
पटना सिटी। श्री श्याम मंदिर सेवा ट्रस्ट का 20वां स्थापना समारोह राजाराम लेन स्थित श्री श्याम मंदिर प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु का अलौकिक श्रृंगार, भव्य पूजन और अखंड ज्योति पाठ संपन्न हुआ।
मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य पंडित सुरेश सिरोटिया की देखरेख में पांच पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण, शंखनाद और करतल ध्वनि के बीच पूजा-अर्चना हुई। बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद 701 महिलाओं ने राजस्थानी परिधानों में, हाथों में मेहंदी रचाकर अखंड ज्योति पाठ किया।
कार्यक्रम संयोजक मनीष हरलालका और कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्री श्याम प्रभु को स्नान कराकर पीतांबरी वस्त्र धारण कराया गया, जिसका विशेष महत्व बताया गया।
रात्रि में कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा बाबा का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर को प्राकृतिक फूलों, मोर पंख और झाड़-फानूस से सुसज्जित किया गया। भजन संध्या में जयपुर के प्रसिद्ध भजन गायक मनीष गर्ग ने भजनों की रसगंगा बहाई। उनके भजन "पुरवइया संदेशा ले जाओ जी", "माधव यूं पूछ रहे हैं तेरा नाम बता हे वीर" पर भक्त देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष अमर अग्रवाल, सचिव दिलीप डीडवानिया, प्रदीप जैन, राजकुमार गोयनका, गोपी शर्मा, संजीव देवड़ा, सोनू बेरिवाल, अरविंद लॉयलका, शशि सुल्तानिया, प्रकाश सुल्तानिया, पंकज लॉयलका सहित श्याम सेना के सदस्य सक्रिय रहे। भंडारा का आयोजन अगले दिन किया जाएगा।




.jpeg)

