पटना सिटी । रोटरी इंटरनेशनल की 120वीं वर्षगांठ के अवसर पर रोटरी पटना सिटी सम्राट ने रघुशील सदन में एक परोपकारी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस ...
पटना सिटी । रोटरी इंटरनेशनल की 120वीं वर्षगांठ के अवसर पर रोटरी पटना सिटी सम्राट ने रघुशील सदन में एक परोपकारी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान क्लब ने मोतियाबिंद की सर्जरी करा चुके 75 लाभार्थियों को निःशुल्क पावर ग्लास (चश्मा) प्रदान किए, जिससे उनके नेत्र स्वास्थ्य में सुधार हो सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमुख बाल चिकित्सक डॉ. त्रिलोकी प्रसाद गोलवारा ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रो. संजीव यादव ने क्लब के सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की। दृष्टि चेयरमैन 2025 एवं चार्टर प्रेसिडेंट रो. विजय यादव ने क्लब के प्रयासों को मानवता की सेवा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
क्लब अध्यक्ष रो. देवराज बल्लभ ने स्वर्गीय श्री नवनीत बल्लभ की स्मृति में आयोजित वार्षिक निशुल्क मोतियाबिंद शिविर पर प्रकाश डालते हुए इसे क्लब की समाजसेवा की अनूठी परंपरा बताया। क्लब सचिव रो. देवेश नवाडिया ने रोटरी पटना सिटी सम्राट द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। वहीं, नेत्र सर्जन रो. डॉ. अभिषेक गोलवारा ने लाभार्थियों को नेत्र देखभाल और उचित नेत्र सुरक्षा के उपायों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस कार्यक्रम की सफलता में सहायक गवर्नर रोटेरियन दिनेश भदानी, पीपी रो. बी.एन. कपूर, रो. मनोज कुमार, अनुप कुमार, ललन कुमार, नितिन मुकेश, संजय कुमार, ओम प्रकाश, एम.ई. हक, त्रिभुवन कुमार, नसीम अख्तर, अरुण सिन्हा, प्रमोद कुमार, अभिषेक पैटीक, नीरज कुमार, सरज कपूर, राम कुमार सहित कई सदस्यों ने योगदान दिया।
यह आयोजन रोटरी के आदर्श वाक्य, "मानवता की सेवा ही ईश्वर की सेवा है," को साकार करता है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।






