पटना सिटी। तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 358वें प्रकाश उत्सव की पूर्व संध्या पर गायघाट गुरुद्वारा से भव्...
पटना सिटी। तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 358वें प्रकाश उत्सव की पूर्व संध्या पर गायघाट गुरुद्वारा से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। यह कीर्तन विभिन्न मार्गों से होता हुआ देर शाम तख्त श्री हरमंदिर जी पहुंचा।
नगर कीर्तन में पंच प्यारे की अगुवाई में सजे-धजे हाथी, ऊंट, घोड़े और गाजे-बाजे के साथ हजारों सिख श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने वाहेगुरु का जाप करते हुए धार्मिक करतबों का प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मंगल पाठ कर समागम को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की। फूलों से सजे गुरु ग्रंथ साहिब के रथ ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रथ को श्रद्धालु अपने हाथों से खींचते हुए उत्साह से भरे नजर आए।
नगर कीर्तन के दौरान पुलिस प्रशासन की सतर्कता देखने को मिली। हर चौराहे पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे, जबकि सिटी एसडीओ और एएसपी खुद आयोजन की निगरानी कर रहे थे।
नेपाल बॉर्डर से आई श्रद्धालु कवलजीत कौर ने कहा, "प्रकाश पर्व में शामिल होकर जो खुशी मिलती है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।" जत्थेदार भाई बलदेव सिंह ने बताया कि यह आयोजन पूरी दुनिया को भाईचारे और शांति का संदेश देता है।
प्रकाश उत्सव का मुख्य समारोह आज तख्त श्री हरमंदिर जी में आयोजित होगा, जहां सिख संगत गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के महान जीवन और शिक्षाओं का स्मरण करेगी।





