पटना सिटी। बाईपास थानाक्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर बुधवार रात शराब के नशे में धुत एक कार ड्राइवर ने सड़क पर खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी...
पटना सिटी। बाईपास थानाक्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर बुधवार रात शराब के नशे में धुत एक कार ड्राइवर ने सड़क पर खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टाटा मैजिक गाड़ी का ड्राइवर सड़क पर वाहन बैक कर रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से आकर गाड़ी में टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि कार की टक्कर सीधे सड़क पर मौजूद राहगीरों से नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार ड्राइवर को पकड़ लिया। ड्राइवर शराब के नशे में धुत पाया गया। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पुलिस के हवाले कर दिया।
दारोगा विवेक कुमार ने बताया, "कार ड्राइवर नशे की हालत में था। उसे हिरासत में ले लिया गया है और जांच की जा रही है। गाड़ियों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।"
इस दुर्घटना से लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब के सेवन और तेज रफ्तार गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। हालांकि, इस घटना में कोई बड़ी जान-माल की हानि नहीं हुई, लेकिन इसे सड़क सुरक्षा के प्रति प्रशासन और लोगों के लिए एक चेतावनी माना जा रहा है।




