पटना सिटी। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मेवा साहब लेने चौराहे पर ऑल इंडिया तंजीम ए इंसाफ के तत्वावधान में प्रीपेड विद्युत मीटर के खिलाफ एकदि...
पटना सिटी। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के मेवा साहब लेने चौराहे पर ऑल इंडिया तंजीम ए इंसाफ के तत्वावधान में प्रीपेड विद्युत मीटर के खिलाफ एकदिवसीय धरना आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में विद्युत विभाग के पदाधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं पर झूठे मुकदमों और अत्याचार के विरोध में आवाज उठाई गई।
धरना की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बासी अख्तर ने की, जबकि संचालन समाजसेवी गुलाम सरवर ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव एवं जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष प्रदीप मेहता ने कहा कि पिछले चार वर्षों से उनकी संस्था पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रीपेड विद्युत मीटर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं और उनके समर्थकों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।मेहता ने सरकार से मांग की कि प्रीपेड मीटर से संबंधित झूठे मुकदमे और आर्थिक दंड को तुरंत वापस लिया जाए। साथ ही, प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली निशुल्क देने की भी मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जल्द ही बिहार बंद की घोषणा करेंगे।
धरने में राजद, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, माले आदि दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख उपस्थित लोगों में बलराम चौधरी, विश्वजीत कुमार, उमेश पंडित, मोहम्मद जावेद, देव रतन प्रसाद, मनन अंसारी और अन्य शामिल थे। विपक्षी दलों ने बिहार सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।





