पटना सिटी । सनातन धर्म सभा परिसर में आज गीता जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और दीप-प्रज्वलन के साथ हु...
पटना सिटी । सनातन धर्म सभा परिसर में आज गीता जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और दीप-प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप-प्रज्वलन का नेतृत्व आचार्य चंद्रभूषण मिश्र, लोकप्रिय मासिक पत्रिका स्वत्व के संपादक कृष्णकांत ओझा, सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. त्रिलोकी प्रसाद गोलवारा, संयोजक संजीव कुमार यादव, डॉ. शाह अद्वेत्य कृष्ण और कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल ने किया।
श्रीमद्भगवद्गीता का पूजन कर, चंदन और अक्षत अर्पित किए गए। इस अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए आचार्य चंद्रभूषण मिश्र ने कहा, "श्रीमद्भगवद्गीता जीवन का मार्गदर्शन सूत्र है। इसके संदेश को आत्मसात करने से जीवन और जगत दोनों का कल्याण संभव है। गीता के शाश्वत और कालातीत महत्व को दुनिया भर के देशों ने स्वीकार किया है।"
वरीय संपादक कृष्णकांत ओझा ने गीता को प्रेरणादायक संदेशों का सागर बताते हुए कहा कि "यह ग्रंथ जीवन की निराशा और अपसाद को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।"
कार्यक्रम के दौरान गीता पर लेख प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सिटी मॉन्टेसरी और सेंट पॉल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही 20 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
सभा के अध्यक्ष डॉ. टी.पी. गोलवारा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिथियों का शॉल, गीता ग्रंथ और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी संजीव कुमार यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रतनदीप राय ने दिया।
इस अवसर पर महासचिव आत्म बगला शिव प्रसाद मोदी, उपाध्यक्ष विजय कुमार यादव, सुजीत कसेरा, अरुण मिश्रा, राजेश कुमार तिल्लू, साधना गुड़िया, कुमार दिनेश, नवीन रस्तोगी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। गीता जयंती का यह आयोजन भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






