पटना सिटी : चौक थाना पुलिस ने चौक शिकारपुर नाला इलाके में महिला से सोने की चेन लूटने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प...
पटना सिटी : चौक थाना पुलिस ने चौक शिकारपुर नाला इलाके में महिला से सोने की चेन लूटने वाले गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट की गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार लुटेरों की पहचान आलमगंज थानाक्षेत्र के गुड़ की मंडी निवासी सुमन कुमार और गोरखपुर निवासी गोरख कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भाग रहे लुटेरों को पकड़ लिया।
सिटी डीएसपी 2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरे राजधानी पटना के दीदारगंज, पाटलिपुत्र, शास्त्री नगर, बाईपास और सचिवालय थानाक्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। लुटेरे राजमिस्त्री का काम करते थे और घरों में काम के दौरान रेकी कर लूटपाट करते थे।
गिरफ्तार लुटेरों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे गैंग को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।





