पटना सिटी : श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों पुत्रों के बलिदान से प्रेरणा लेकर 2022 में भारत सरकार के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26...
पटना सिटी : श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चारों पुत्रों के बलिदान से प्रेरणा लेकर 2022 में भारत सरकार के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसी उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पटना महानगर द्वारा पटना साहिब स्थित श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी हॉल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष श्री नंदकिशोर यादव, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, विधायक संजीव चौरसिया, पटना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू, गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के अध्यक्ष जगजोत सिंह सोही सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विधान पार्षद प्रमोद चंद्रवंशी ने किया।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा गुरु वाणी और शौर्य गान का पाठ प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने गुरु गोविंद सिंह जी और उनके चारों पुत्रों के बलिदान को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन और उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर एक सशक्त और संगठित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भाजपा प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान निबंध और भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, स्कूली छात्र-छात्राएं और अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।






