पटना सिटी : मालसलामी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में चोर गिरोह के नौ सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भा...
पटना सिटी : मालसलामी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में चोर गिरोह के नौ सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी किया गया ड्राई फ्रूट और फर्टिलाइज़र बरामद किया है, साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई पिकअप वैन भी जब्त की है।
पहली घटना 16 दिसंबर को मालसलामी थाना क्षेत्र के मंसूरगंज इलाके में हुई, जहां दो ड्राई फ्रूट गोदामों से लाखों रुपए का ड्राई फ्रूट चोरी हुआ था। पुलिस ने मामले का सफलतापूर्वक उद्वेदन करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से चोरी किया गया माल बरामद किया। दूसरी घटना नगला ब्रह्मस्थान इलाके के फर्टिलाइज़र गोदाम से जुड़ी है, जहां पुलिस ने जिला इंटेलिजेंस यूनिट की सूचना पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी किया गया फर्टिलाइज़र बरामद किया गया।
पटना सिटी के मंगल तालाब स्थित पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिटी डीएसपी 2, डॉ. गौरव कुमार ने इन घटनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बाईपास थाना क्षेत्र में हुए पांच अन्य कांडों का भी उद्वेदन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कई अपराधी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
इस सफलता से पुलिस ने इलाके में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।





