पटना। बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने सीटिंग अरेंजमेंट और बागी विधायकों पर कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा किया। आरजेडी विधा...
पटना। बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने सीटिंग अरेंजमेंट और बागी विधायकों पर कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा किया। आरजेडी विधायक आलोक मेहता ने विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव से सवाल किया कि बागी विधायक अपनी तय सीटों पर क्यों नहीं बैठ रहे हैं और उन पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
स्पीकर के जवाब से असंतुष्ट आरजेडी विधायकों ने वेल में आकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र मुख्यमंत्री की सीट के पास पहुंच गए, जिस पर स्पीकर ने उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सीटिंग अरेंजमेंट और बागी विधायकों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा, "आरजेडी के बागी विधायक तीन सत्र से मंत्रियों की सीटों पर बैठ रहे हैं। नियमानुसार वे अब भी आरजेडी के विधायक हैं और उन्हें हमारी सीटों पर बैठना चाहिए। हमने स्पीकर से इस पर कार्रवाई की मांग की है और पत्र भी लिखा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।"
तेजस्वी यादव ने स्पीकर से अपेक्षा जताते हुए कहा, "हम विधानसभा अध्यक्ष पर विश्वास करते हैं और उम्मीद है कि वह नियम-कायदों का पालन करेंगे।"
इस मुद्दे को लेकर आरजेडी ने सरकार और स्पीकर की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं, जिससे सदन का माहौल दिनभर गर्म रहा।





