पटना डीआईजी सह एसएसपी राजीव मिश्रा के विशेष दिशा-निर्देश पर मालसलामी थाना पुलिस ने मंसूरगंज इलाके में छापेमारी कर नकली तेल के बड़े कारोबार क...
पटना डीआईजी सह एसएसपी राजीव मिश्रा के विशेष दिशा-निर्देश पर मालसलामी थाना पुलिस ने मंसूरगंज इलाके में छापेमारी कर नकली तेल के बड़े कारोबार का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य का नकली तेल बरामद किया, साथ ही गोदाम से भारी मात्रा में ब्रांडेड कंपनियों के नकली रैपर, बोतल, ढक्कन और अन्य उपकरण जब्त किए।
मुख्य संचालक संजय कुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, संजय कुमार फॉर्चून, स्कूटर और वैभव जैसे ब्रांड के नाम पर नकली तेल बनाकर बाजार में बेचता था। कंपनी अधिकारियों ने डीआईजी सह एसएसपी राजीव मिश्रा को इसकी जानकारी दी थी, जिसके बाद विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
कंपनी के अधिकारी टोटन चक्रवर्ती ने बताया कि नकली तेल का निर्माण कर इसे बाजार में बेचने से ग्राहकों को बड़े पैमाने पर धोखा दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि बरामद तेल की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
मालसलामी थाना के दारोगा संजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए भरोसा दिलाया कि पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस नकली तेल के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।





