पटना । शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत द्वारा व्यापारियों को "मिलावट करने वाला" और "झूठा" कहे जाने पर बिहा...
पटना । शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत द्वारा व्यापारियों को "मिलावट करने वाला" और "झूठा" कहे जाने पर बिहार के व्यापारिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) बिहार के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने इस बयान की निंदा करते हुए इसे व्यापारियों का अपमान बताया। श्री वर्मा, जो ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि संजय राउत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वे महाराष्ट्र में उद्धव गुट और इंडी गठबंधन की संभावित हार से बौखलाहट में इस तरह के बयान दे रहे हैं।
श्री वर्मा का मानना है कि इस बयान से उद्धव गुट की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो जाएगी और व्यापारियों का समर्थन खोने का जोखिम भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि “श्री राउत के इस गैर-जिम्मेदाराना बयान से व्यापारियों का मनोबल प्रभावित हुआ है, और इससे उद्धव गुट को आगामी चुनावों में व्यापारिक समुदाय के गुस्से का सामना करना पड़ सकता है।”
व्यापारी समुदाय की ओर से सांसद श्री खंडेलवाल ने भी संजय राउत के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि "यह बयान न केवल देश के मेहनती और ईमानदार व्यापारी समुदाय की गरिमा पर हमला है, बल्कि उनके मेहनत के सम्मान का भी अपमान है।"
अशोक कुमार वर्मा ने संजय राउत से तुरंत माफी की मांग करते हुए कहा कि व्यापारियों का सम्मान और गरिमा सुरक्षित रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, "देश की अर्थव्यवस्था में व्यापारियों का अहम योगदान है और इस तरह के अपमानजनक बयान किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हैं।"
बिहार के व्यापारी समुदाय का कहना है कि यदि इस तरह के बयानों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे भविष्य में और कड़े कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे।





