पटना सिटी । सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पटना सिटी के दीदारगंज स्थित गुरु का बाग गुरु...
पटना सिटी । सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पटना सिटी के दीदारगंज स्थित गुरु का बाग गुरुद्वारे से एक भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। इस नगर कीर्तन में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंच प्यारों के नेतृत्व में निकाले गए इस नगर कीर्तन में गाजे-बाजे, हाथी, ऊंट, और घोड़े शामिल थे। यह कीर्तन गुरु का बाग गुरुद्वारे से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ देर शाम तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब पहुंचा।
इस अवसर पर श्रद्धालु ‘वाहेगुरु वाहेगुरु’ के जयघोष के साथ उत्सव में लीन दिखाई दिए, जबकि कई श्रद्धालु करतब दिखाकर अपनी भक्ति प्रदर्शित कर रहे थे। नगर कीर्तन में फूलों से सजे गुरु ग्रंथ साहिब और झूलते निशान साहिब की छटा दर्शकों को मोहित कर रही थी। श्रद्धालुओं की गुरु नानक देव जी के प्रति असीम भक्ति और प्रेम का दृश्य अद्वितीय था, जो पूरे विश्व में आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।
बिहार सिख फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह ने बताया, "गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। कल तख्त श्री हरिमंदिर पटना साहिब में विशेष दीवान का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर उत्सव मनाएंगे।"
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और स्थानीय प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं।






