पटना सिटी: पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री अखिलेश प्रसाद सिंह और बिहार विधान...
पटना सिटी: पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री अखिलेश प्रसाद सिंह और बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता श्री शकील अहमद खान से मुलाकात कर श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में मरीजों को हो रही समस्याओं और कुव्यवस्था को लेकर 22 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव बलराम चौधरी, सीपीआई नेता देवरत्न प्रसाद, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशि रंजन, पूर्व डिप्टी मेयर विनय कुमार पप्पू और पूर्व पार्षद मुकेश कुमार शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह अस्पताल घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल की दुर्दशा पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह अस्पताल दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज जी के नाम पर है, लेकिन इसकी हालत दयनीय हो चुकी है।
मिशन 60 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ था, लेकिन सरकार बदलने के बाद अस्पताल की स्थिति और खराब हो गई है। अधीक्षक की नियुक्ति वर्षों से लंबित है। वहीं, मरीजों को अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।
नेताओं ने सदन में इस मुद्दे को उठाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह स्थिति राजधानी पटना में है, तो पूरे बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति क्या होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।





