PATNA : बिहार में गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से राजधानी पटना सहित कई जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति को देख...
PATNA : बिहार में गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से राजधानी पटना सहित कई जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सतर्क हैं। शुक्रवार को उन्होंने पटना और वैशाली जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और आज वे गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने और स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निचले इलाकों में संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने और समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत जिलों और संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि नाव संचालन, राहत सामग्री, दवाएं, पशुचारा, बाढ़ आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई और खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे बाढ़ से प्रभावित इलाकों में आवश्यकतानुसार कैंप करें और लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्र पूरी तरह से सक्रिय रहें ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।




