पटनासिटी के खाजेकला थानाक्षेत्र स्थित खाजेकलां घाट पर गंगा नदी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर मानसु कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को खा...
पटनासिटी के खाजेकला थानाक्षेत्र स्थित खाजेकलां घाट पर गंगा नदी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर मानसु कुमार की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को खाजेकलां गंगा तट से शव बरामद कर लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मृतक मानसु कुमार, खाजेकलां के गुरहट्टा निवासी रवि कुमार का पुत्र था। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को मानसु अपने दोस्त अभिमन्यु कुमार के साथ स्कूल जाने की बात कहकर स्नान करने के लिए खाजेकलां घाट पहुंचा था। नहाने के दौरान दोनों किशोर गंगा की गहराई का अंदाजा न लगा पाने के कारण डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अभिमन्यु को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन मानसु कुमार को बचाने में असफल रहे।
किशोर के गंगा में डूब जाने के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। कई घंटों की तलाश के बाद पुलिस ने बुधवार को उसका शव बरामद किया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।




