पटना: शहीद भगत सिंह की 117वीं जयंती के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन शहीद भगत सिंह प्रतिमा स्थल पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता...
पटना: शहीद भगत सिंह की 117वीं जयंती के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन शहीद भगत सिंह प्रतिमा स्थल पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संस्थापक अध्यक्ष शमी अहमद और डॉ. इकबाल अहमद ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन देवरतन प्रसाद द्वारा किया गया। इस मौके पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शमी अहमद ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि भगत सिंह को शहीद हुए 94 वर्ष हो गए, लेकिन उनके सिद्धांत और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं, और उनकी आवश्यकता अब और बढ़ गई है। डॉ. इकबाल अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद-ए-आज़म भगत सिंह ने जिस उद्देश्य के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, वह आज भी अधूरा है। उन्होंने युवाओं को उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वार्ड 69 के पार्षद मनोज मेहता ने इस अवसर पर कहा कि भगत सिंह के नाम पर पुल, पुलिया और विश्वविद्यालय जैसे संस्थान होने चाहिए, जिस प्रकार बापू और नेहरू के नाम पर हैं।
पूर्व पार्षद बलराम चौधरी, अवधेश कुमार सिन्हा, शम्भु शरण प्रसाद, डॉ. विनोद अवस्थी, कैप्टन यू. एन. पाठक समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भगत सिंह के संघर्ष और उनके जीवन पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में शमी अहमद, डॉ. इकबाल अहमद, देवरतन प्रसाद, बलराम चौधरी, मनोज मेहता, सुरेन्द्र राय, उमेश कुमार और अन्य दर्जनों क्रांतिकारी उपस्थित थे। अंत में वरिष्ठ समाजसेवी रघुनाथ प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।




