PATNA CITY : तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में कल मनाए जाने वाले गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 357 वे प्रकाश उत्सव को लेकर गायघाट गुरु...
PATNA CITY : तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में कल मनाए जाने वाले गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 357 वे प्रकाश उत्सव को लेकर गायघाट गुरुद्वारा से श्रद्धालुओं द्वारा भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन गायघाट गुरुद्वारा से शुरू होकर विभिन्न रास्तों से होता हुआ देर शाम तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पहुंचा।
पंच प्यारे की अगुवाई में गाजे-बाजे ऊंट घोड़े के साथ निकाले गए भव्य नगर कीर्तन में देश-विदेश से आए हजारों की संख्या में सिख श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर कीर्तन में जहां श्रद्धालु एक से बढ़कर एक करतब का प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं महिला श्रद्धालु वाहेगुरु वाहेगुरु का मंगल पाठ करते नजर आ रही थी।
फूलों से सजा गुरु ग्रंथ साहिब का रथ अद्भुत छटा पेश कर रहा था। श्रद्धालु अपने हाथों से रथ को खींच रहे थे। नगर कीर्तन को लेकर सिख श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस नजर आई। इस दौरान विभिन्न चौक चौराहा पर जहां दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती देखी गई, वहीं पुलिस के जवान जुलूस को एस्कॉर्ट करते नजर आए।
पटना सिटी एसडीओ और सिटी एएसपी जुलूस की मॉनिटरिंग करते नजर आए। कल तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के विशेष दीवान में दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व पूरे धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।






