PATNA : राजधानी पटना के खुसरूपुर थानाक्षेत्र के मालपुर गांव में बीते देर रात आपसी रंजिश अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। आ...
PATNA : राजधानी पटना के खुसरूपुर थानाक्षेत्र के मालपुर गांव में बीते देर रात आपसी रंजिश अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हेमजापुर के समीप शव को सड़क पर रखकर फोरलेन को घंटों जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह बाधित हो गई। हत्या सड़क जाम हंगामे की सूचना मिलते ही सिटी एसडीओ, फतुहा डीएसपी समेत विभिन्न थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर फोरलेन पर परिचालन सामान्य कराया। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक की पहचान खुसरूपुर के मालपुर गांव निवासी विमल सिंह के 26 वर्षीय पुत्र रामप्रताप के रूप में की गई है। बताया जाता है कि रामप्रताप अपने दो अन्य साथियों के साथ बीते देर रात पचरुखिया गांव से एक भोज समारोह में भाग लेकर अपने गांव मालपुर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे एक गोली रामप्रताप के सर में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता विमल सिंह ने गांव के ही कुछ दबंग लोगों पर हत्या किए जाने की बात दोहराई है। वही मौके पर मौजूद फतुहा डीएसपी राजेश कुमार माझी ने गोलीबारी की घटना को स्वीकार करते हुए परिजनों के बयान पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया है। घटनास्थल पर मौजूद सिटी एसडीओ मुकेश रंजन ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना और कबीर अंत्येष्टि योजना को लेकर उचित मुआवजा प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ द्वारा आक्रोश व्याप्त है।




.jpg)