PATNA CITY : सूबे में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद भी अवैध शराब की सप्लाई धड़ल्ले से जारी है। ताजा मामला राजधानी पटना के फतुहा थाना क्...
PATNA CITY : सूबे में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद भी अवैध शराब की सप्लाई धड़ल्ले से जारी है। ताजा मामला राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के सुपनचक स्थित फोरलेन का है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक ट्रक से 300 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक और उसके खलासी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ चल रही है। बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम को यह गुप्त सूचना मिली की शराब लदी एक ट्रक चंडीगढ़ से डिलीवरी को लेकर बेगूसराय जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फतुहा पुलिस के सहयोग से सुपन चक स्थित फोरलेन पर छापेमारी कर शराब लदे ट्रक को जप्त कर लिया। गौरतलब है कि अवैध शराब माफियाओं द्वारा पुलिस जांच से बचने को लेकर शराब के इन कार्टून को वाइट सीमेंट के बोरे से छिपा कर ट्रक में रखा गया था। पुलिस गिरफ्तार ट्रक चालक और खलासी की निशानदेही पर अवैध शराब माफियाओं की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है।



