पटना सिटी । गंगा में लगातार हो रही जलवृद्धि का असर बुधवार को भी दिखने को मिला। भद्र घाट से लेकर महावीर घाट के बीच उफनती गंगा का पानी सड़क पर...
पटना सिटी । गंगा में लगातार हो रही जलवृद्धि का असर बुधवार को भी दिखने को मिला। भद्र घाट से लेकर महावीर घाट के बीच उफनती गंगा का पानी सड़क पर आ गया। जिससे गंगा किनारे रह रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। सड़क पर पानी आने के बावजूद भद्र घाट से लेकर कंगन घाट के बीच गंगा किनारे सड़क पर वाहनों का परिचालन हो रहा है। इधर लगातार हो रही जलवृद्धि को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन आवाजाही पर रोक लगाने की योजना बना रही है। एसडीओ मुकेश रंजन ने बताया कि सम्बंधित थानाध्यक्षों को गंगा तट पर निगरानी रखने को कहा गया है। यदि आवश्यकता पड़ी तो गंगा किनारे सड़क पर से वाहनों का परिचालन रोका भी जा सकता है। वहीं गंगा तटों पर बसे लोग निरन्तर गंगा के जलस्तर में हो रही वृद्धि और नजर रख रहे हैं। जिससे कि स्थिति बिगड़ने के फके ही सुरक्षित स्थानों पर जा सके। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही कटाव से पानी के भीतर गड्ढे बन गए हैं। इससे भी लोगों की परेशानी हो रही है। मां गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार शर्मा ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से मां गंगा की आरती व पूजा अर्चना में भी दिक्कत हो रही है।




