पटना। पटना के थोक फल मंडी कृषि उत्पादन बाजार समिति दो दिन बंद रहेगी। बाजार बंद करने का निर्णय जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व...
पटना। पटना के थोक फल मंडी कृषि उत्पादन बाजार समिति दो दिन बंद रहेगी। बाजार बंद करने का निर्णय जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद पप्पू यादव उर्फ राजेश रंजन की की गिरफ्तारी के विरोध में ली गयी है।
उपरोक्त जानकारी पटना फ्रूट एंड वेजिटेबल एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिकांत प्रसाद ने दी। बुधवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिकांत प्रसाद ने बताया कि 13 और 14 मई को मंडी में किसी भी तरह का कारोबार नहीं होगा। उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल मे जनता द्वारा चुने गए कोई भी जनप्रतिनिधि कहीं नहीं नजर आ रहे थे। जबकि जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मधेपुरा के पूर्व सांसद पप्पू यादव दिन-रात कोरोना से पीड़ित मरीजों एवं जरूरतमंदों को दवा, ऑक्सीजन, सिलेंडर, एंबुलेंस वेंटीलेटर और भोजन आदि की व्यवस्था करा कर सहायता पहुंचा रहे थे। इतना ही नहीं बिहार में एंबुलेंस दवा, ऑक्सीजन को लेकर हो रही कालाबाजारी के विरोध में आवाज भी बुलंद कर रहे थे। इसके बावजूद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सरकार के इस रवैया से आम जनता में गलत संदेश जा रहा है। साथ ही शशिकांत प्रसाद ने बताया कि राज्य सरकार के इस कदम से मरीजों और जरूरतमंदों की मदद करने वालों का भी मनोबल गिरेगा।
वही मंडी के व्यापारियों ने भी पप्पू यादव की गिरफ्तारी का विरोध किया है। जिसके एवज में व्यापारियों ने मंडी को 2 दिन बंद रखने के फैसले को स्वागत किया है।
बता दें कि बीते मंगलवार को जाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव को पटना टाउन डीएसपी सुरेश कुमार के नेतृत्व में लॉकडाउन उल्लंघन करने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद मंगलवार की शाम होते-होते पुलिस ने अपना बयान बदलते हुए बताया कि उन्हें कांड संख्या 02/1989 में मधेपुरा कोर्ट द्वारा जारी गैर जमानती वारंट निकलने पर पुलिस हिरासत में लिया गया है। हालाकी पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद से बिहार में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। सारे विपक्षी पार्टियां का सियासी पारा चढ गया है। सभी लोग सरकार को कोसने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वही आज पटना के विभिन्न जगहों पर पप्पू यादव की रिहाई को लेकर कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन भी दिया हैं।




