पटना सिटी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री तथा पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए प...
पटना सिटी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री तथा पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र में कोरोना जांच और टीकाकरण के लिए सात अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। मंगल तालाब स्थित रामदेव महतो सामुदायिक भवन स्थित टीकाकरण मेगा कैम्प है सो अलग।
श्री यादव ने आज यहां बताया कि पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र में 18 से 44 आयु वर्ग के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 7-7 कोरोना जांच केंद्र और वैक्सीनेशन सेंटर की व्यवस्था की गई है। श्री यादव ने 18 से 44 आयु वर्ग के सभी नागरिकों से अपील की है कि वह रजिस्ट्रेशन कराएं। रजिस्ट्रेशन के बाद ही अपनी बारी आने पर वैक्सीनेशन सेंटर पर जाएं।श्री यादव ने बताया कि दीदारगंज, मारूफगंज, गुलजारबाग, आलमगंज, कस्बा, बड़ी पहाड़ी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में जहां कोरोना के जांच की व्यवस्था की गई है। वहीं दीदारगंज राजकीय कन्या विद्यालय, जालान उच्च विद्यालय, गुलजारबाग राजकीय उच्च विद्यालय, एफ़ एन एस एकेडमी, कस्बा मध्य विद्यालय, बड़ी पहाड़ी मध्य विद्यालय और एमएए हाई स्कूल (ओरिएंटल कॉलेज) में टीकाकरण केंद्र स्थापित किया गया है।




