पटना सिटी (न्यूज सिटी)। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पटना साहिब विधान सभा क्षेत्र में सामुदायिक भवन और प्रकाशपुंज के निमित्त 142 करोड़ रु...
पटना सिटी (न्यूज सिटी)। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पटना साहिब विधान सभा क्षेत्र में सामुदायिक भवन और प्रकाशपुंज के निमित्त 142 करोड़ रुपये की सौगात का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी व स्थानीय विधायक व पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव के प्रति आभार प्रकट किया है।
पटना महानगर भाजपा के महामंत्री विनय केसरी, प्रवक्ता राजेश साह, मीडिया प्रभारी प्रदीप काश व राजेश मेहता, मारूफगंज मंडल भाजपा के अध्यक्ष मनोज साह और मालसलामी मंडल भाजपा के अध्यक्ष मनीष कुमार ने आज संयुक्त रूप से कहा कि सरकार विकास की राजनीति करती है। दीदारगंज में बाजार समिति के निकट लगभग 58 करोड़ रुपये के व्यय से निर्मित बहुउद्देश्यीय 'प्रकाश पुंज' का उद्घाटन और मालसलामी बस पड़ाव भूखंड पर साढ़े 84 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित भव्य सामुदायिक भवन का शिलान्यास कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इसे चरितार्थ कर दिखाया है। स्थानीय विधायक और पथ निर्माण मंत्री श्री नंद किशोर यादव ने क्षेत्र के चतुर्दिक विकास का जो संकल्प किया वह साकार कर रहे हैं, उसी की कड़ी में दोनों कार्य मिल का पत्थर साबित होगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सिखों के दसवें और अंतिम गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की स्मृति में लगभग 10 एकड़ भू खंड में निर्मित ' प्रकाश पुंज ' क्षेत्रीय विधायक व मंत्री श्री नंद किशोर यादव की कीर्ति पताका को विदेशों में भी लहराएगा। वहीं मालसलामी में प्रस्तावित भव्य बहुमंजिले सामुदायिक भवन के बनने से इलाके की एक बड़ी आबादी लाभान्वित होगी।



