पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। पेट्रोल और डीजल के बेतहाशा मूल्य बढ़ोतरी के विरोध में कुम्हरार विधान सभा क्षेत्र से उमेश यादव के नेतृत्व में राजद क...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। पेट्रोल और डीजल के बेतहाशा मूल्य बढ़ोतरी के विरोध में कुम्हरार विधान सभा क्षेत्र से उमेश यादव के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं ने आज पार्टी के 23 वां स्थापना दिवस समारोह के मौके पर साइकिल मार्च निकालकर अपना आक्रोश प्रकट किया। इस मौके पर राजद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तत्काल बढ़े हुए मूल्य को वापस लिए जाने की मांग दोहराई। पटना सिटी के कुम्हरार गुमटी के पास सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ताओं ने साइकिल मार्च निकालकर अपना आक्रोश प्रकट किया।

इस मौके पर आक्रोशित राजद कार्यकर्ताओं का कहना था कि यूपीए की सरकार में जब कभी भी पेट्रोल और डीजल के मूल्य में बढ़ोतरी होती थी तो एनडीए के लोग पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करते थे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि आज समूचा देश महंगाई की आग में झुलस रहा है, बावजूद इसके एनडीए के राजनेताओं का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
राजद कार्यकर्ताओं का कहना था कि आज एनडीए के किसी भी राजनेता में इस बात का विरोध जताने का साहस नहीं है। राजद कार्यकर्ताओं ने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधते हुए उन पर स्वार्थ की राजनीति किए जाने का आरोप लगाते हुए गरीब विरोधी सरकार को समर्थन दिए जाने की बात दोहराई। साइकिल मार्च में कुमुद चौधरी, सुखू पासवान, दीनानाथ यादव, सुदय चौधरी, अमरनाथ, चंदन यादव, अजीत कुमार सिंह सहित दर्ज़नो कार्यकर्ता मौजूद थे।



