पटना (न्यूज सिटी)। राजधानी पटना के फतुहां थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी के शिकार हुए एक दिव्यांग विधवा शिक्षिका ने पुनपुन नदी में छलांग लगाकर...
पटना (न्यूज सिटी)। राजधानी पटना के फतुहां थाना क्षेत्र में आर्थिक तंगी के शिकार हुए एक दिव्यांग विधवा शिक्षिका ने पुनपुन नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। वही आनन फानन में घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दिया। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव की तलाश में जुट गई है। हालांकि अबतक शव की बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल से दिव्यांग शिक्षिका का ट्राई साइकिल और वैशाखी बरामद कर लिया है। पुनपुन नदी में छलांग लगाने वाली महिला शिक्षिका की पहचान थानाक्षेत्र के गोविंदपुर निवासी शांति देवी के रूप में की गई है, जो निजी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थी।

दिव्यांग शिक्षिका के बारे में बताया जाता हैं कि बीते 2 वर्ष पूर्व उसके पति की मौत बीमारी से हो गयी थी। जिसके बाद शांति देवी ने अपने दो बच्चों की परवरिश को लेकर एक निजी विद्यालय में शिक्षण का कार्य शुरू की थी, जिससे वह अपना और अपने दो बच्चों की परवरिश करती थी। लेकिन कोरोना संक्रमण को लेकर पिछले 3 माह से विद्यालय बंद होने और वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार के समक्ष भीषण आर्थिक तंगी की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे शांति देवी खासी परेशान थी। इसी हताशा में आकर शांति देवी ने पुनपुन पुल से कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने महिला शिक्षिका के घर से सुसाइड नोट भी बरामद कर लिया है।
घटना के संबंध में पूछे जाने पर स्थानीय लोगों और महिला शिक्षिका की पुत्री प्रीति कुमारी ने बताया कि शांति देवी आर्थिक तंगी से परेशान थी, और इसी हताशा में आकर उन्होंने खुदकुशी कर ली है।



