पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आज कुछ ही घंटों के अंतराल पर कोरोना से दो मरीजों की मौत होने से अस्पत...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। अगमकुआं स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आज कुछ ही घंटों के अंतराल पर कोरोना से दो मरीजों की मौत होने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। वही अस्पताल में इलाज के दौरान एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गयी। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिला के रहने वाले मोहम्मद नसीब के रूप में हुई है।

अस्पताल उपाधीक्षक डॉ गोपाल कृष्ण ने दूसरे मरीज के मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मोहम्मद नसीब (33 वर्षीय) को बीते 30 जून को पीएमसीएच से रेफर किए जाने पर गंभीर हालत में एनएमसीएच में भर्ती कराया गया था। मोहम्मद नसीब गंभीर लिवर की बीमारी से पीड़ित थे, साथ ही उन्हें कोरोना का भी गंभीर संक्रमण था। साथ ही अस्पताल उपाधीक्षक ने कहा कि अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने मरीज की जान बचाने को लेकर हर संभव प्रयास किया, पर उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बता दें कि आज ही कुछ वक्त पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज, जो कि भागलपुर जिला निवासी साहेब दयाल पांडे (48 वर्षीय) की मौत नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान हो गयी थी। वे कोरोना पॉजिटिव के साथ-साथ कई अन्य गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। अस्पताल उपाधीक्षक के अनुसार नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अब तक 27 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।



