पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। बाईपास थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी स्थित झाड़ी से एक युवक का शव बरामद होने से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गयी। स्...
पटना सिटी (न्यूज़ सिटी)। बाईपास थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी स्थित झाड़ी से एक युवक का शव बरामद होने से आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गयी। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मृतक की पहचान पटना सिटी के
खाजेकला थानाक्षेत्र के दुरुखी गली निवासी 32 वर्षीय गुड्डू कुमार के रूप में की गई है। मृतक के परिजनों ने मृतक के ससुराल वालों पर ही हत्या कर शव को फेंक दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की जांच किए जाने की गुहार लगाई है। बताया जाता है कि गुड्डू कुमार बीते 13 जुलाई को अपनी पत्नी से भेंट करने अपने ससुराल बेउर गया था, जहां वह चार दिनों तक ठहरा। कल सुबह अपने घर लौटने की बात कहकर वह बेउर से पटना सिटी के लिए निकला,

लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंच सका और आज सुबह झाड़ियों से उसका शव बरामद किया गया। बताया यह भी जा रहा है कि गुड्डू कुमार का अपने ससुराल वालों के साथ तनाव चल रहा था। ऐसे में परिजनों ने गुड्डू के ससुराल वालों पर ही हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।



