पटना सिटी (न्यूज सिटी)। राजधानी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के बीते गुरुवार को हंडेर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी ने एक अधेड़ को गोल...
पटना सिटी (न्यूज सिटी)। राजधानी पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के बीते गुरुवार को हंडेर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसी ने एक अधेड़ को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। मृतक की पहचान गौरीचक थाना क्षेत्र के हंडेर गांव निवासी अवधेश सिंह के रूप में की गई है।

बताया जाता है कि प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले अवधेश सिंह का अपने पड़ोसी शशि भूषण सिंह उर्फ टुन्नू सिंह के साथ जमीनी विवाद चल रहा था, जिस मामले में अवधेश सिंह ने शशि भूषण उर्फ टुन्नू सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया था। बताया जाता है कि बीते गुरुवार की शाम अवधेश सिंह अपने घर पर बैठे थे। इसी दौरान उनका पड़ोसी शशि भूषण सिंह और उनका पुत्र गौरव कुमार उनके घर पर आ धमका और उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवधेश सिंह को बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी शशि भूषण सिंह और उसका पुत्र फरार बताया जाता है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान में जुटी है। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है।



