पटना सिटी (न्यूज सिटी)। आए दिनों राजधानी पटना में अपराधियों ने खुलेआम तांडव मचा रखा है। जिस कारण से वे किसी भी संगीन वारदात को आसानी से अंज...
पटना सिटी (न्यूज सिटी)। आए दिनों राजधानी पटना में अपराधियों ने खुलेआम तांडव मचा रखा है। जिस कारण से वे किसी भी संगीन वारदात को आसानी से अंजाम दे दे रहे है।ताजा मामला खाजेकलां थाना क्षेत्र अंतर्गत घघा गली का है, जहां दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। जिससे युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए पीएमसीएच ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि गोली मारकर भागते हुए अपराधियों की तस्वीर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मृतक की पहचान खाजेकला थाना क्षेत्र के घघा गली निवासी रामनाथ राय के 20 वर्षीय पुत्र राहुल राय के रूप में की गई है। युवक को गोली मारी जाने के सूचना मिलते ही पटना सिटी एडिशनल एसपी मनीष कुमार, खाजेकला थानाध्यक्ष सनोवर खान, चौक थानाध्यक्ष टीएन तिवारी दल-बल के साथ पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि राहुल बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उसके घर के कुछ ही दूरी पर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने हत्या के कारणों को बताने में असमर्थता जताई है।
वही मामले में पटना सिटी एएसपी मनीष कुमार का कहना था कि मृतक राहुल राय आपराधिक चरित्र का युवक था और वह 3 माह पूर्व चौक थाना क्षेत्र में हुए गजनी हत्याकांड मामले का नामजद अभियुक्त था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आपसी रंजिश को लेकर ही राहुल की हत्या की गई है। एएसपी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर लेने की बात कहा हैं।



