पटना सिटी : पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थर घाट इलाके में 8 दिसंबर को हुए मोहम्मद शकील हत्याकांड का पटना पुलिस ने सफल उद्...
पटना सिटी : पटना सिटी के मालसलामी थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्थर घाट इलाके में 8 दिसंबर को हुए मोहम्मद शकील हत्याकांड का पटना पुलिस ने सफल उद्वेदन कर लिया है। यह हत्या छेड़खानी के एक मामले के बाद बदले की भावना से की गई थी।
पुलिस के अनुसार, पत्थर घाट निवासी सुदामा देवी ने अपने दो परिचित राजेंद्र कुमार उर्फ पेटारी और कुंदन कुमार के साथ मिलकर मोहम्मद शकील की हत्या की। तीनों ने ईंट और पत्थरों से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
सिटी एसपी पटना पूर्वी डॉ. के. रामदास ने बताया कि राजेंद्र कुमार उर्फ पेटारी को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया गया, जबकि सुदामा देवी और कुंदन कुमार को पत्थर घाट स्थित उनके घर से पकड़ा गया। राजेंद्र की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।
डॉ. रामदास ने बताया कि राजेंद्र कुमार उर्फ पेटारी और कुंदन कुमार पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और सटीक योजना के माध्यम से इस हत्याकांड का पर्दाफाश किया है।
सिटी एसपी ने कहा कि इस प्रकार के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज में कानून और व्यवस्था बनी रहे।




