पटना सिटी। मोगलपुरा महिला चरखा स्कूल में सेवा शक्ति केंद्र स्वाश्रयी महिला सेवा संघ बिहार द्वारा जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्...
पटना सिटी। मोगलपुरा महिला चरखा स्कूल में सेवा शक्ति केंद्र स्वाश्रयी महिला सेवा संघ बिहार द्वारा जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन, पारिवारिक लाभ, राशन कार्ड सहित अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन निगम पार्षद शोभा देवी, पूर्व पार्षद बलराम चौधरी, स्टेट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर श्रीमती पूनम पांडे, प्रिंसिपल श्रीमती कनक लता, समाजसेवी देवरत्न प्रसाद, मोहम्मद जावेद, राम नारायण सिंह, शिक्षक भागीरथ झा व एजाजूउद्दीन उर्फ सानू ने दीप प्रज्वलित कर किया।
निगम पार्षद शोभा देवी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब परिवारों को नहीं मिल पा रहा है। हजारों राशन कार्ड आवेदन अनुमंडल कार्यालय में लंबित हैं, जबकि पटना शहर के गरीब परिवार कबीर अंत्येष्टि योजना से वंचित हैं।
प्रिंसिपल कनक लता ने समाज में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें। समाजसेवी मोहम्मद जावेद, देवरत्न प्रसाद और राम नारायण सिंह ने सरकारी योजनाओं में गरीबों से स्थायी प्रमाण पत्र मांगने को अन्याय बताया।
पूर्व पार्षद बलराम चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹2500, कन्या विवाह योजना ₹5000 से बढ़ाकर ₹50,000, पारिवारिक लाभ योजना ₹20,000 से बढ़ाकर ₹50,000 तथा कबीर अंत्येष्टि योजना की राशि ₹3000 से बढ़ाकर ₹20,000 करने की मांग की।
स्टेट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर श्रीमती पूनम पांडे ने सभी महिलाओं की समस्याएं सुनीं और सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। अंत में सेवा शक्ति केंद्र की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में अंजना शुक्ला, नीलम कुमारी, पुष्पा देवी, खुशबू देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।






