PATNA CITY : श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में सोमवार को 22 सफाई कर्मियों ने अपने तीन माह के बकाया वेतन की मांग को लेकर घंटों विरोध प्...
PATNA CITY : श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में सोमवार को 22 सफाई कर्मियों ने अपने तीन माह के बकाया वेतन की मांग को लेकर घंटों विरोध प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द वेतन भुगतान की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व पार्षद और श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल सुधार समिति के महासचिव बलराम चौधरी ने किया।
बलराम चौधरी ने सफाई कर्मियों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी को पिछले 10 महीने से भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण सफाई कर्मियों को वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, "दशहरा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के समय भी सफाई कर्मियों को भुगतान नहीं हो रहा है, जो बहुत ही गलत है। उनके छोटे-छोटे बच्चों का त्यौहार कैसे मनेगा? इतना बड़ा अस्पताल इन्हीं सफाई कर्मियों द्वारा साफ रखा जाता है, लेकिन अब पूरे अस्पताल में गंदगी का अंबार लग गया है।"
चौधरी ने चेतावनी दी कि अगर दो दिनों के अंदर सफाई कर्मियों का बकाया वेतन नहीं दिया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई कर्मियों के बिना अस्पताल की व्यवस्था चरमरा जाएगी।
इस प्रदर्शन में रूपा देवी, गायत्री देवी, शीला देवी, हीरा राम, राजू राम, कौशल्या देवी, सुनीता देवी और मोहम्मद पप्पू समेत अन्य सफाई कर्मी शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को रखा और वेतन भुगतान की मांग को लेकर आवाज उठाई।




