पटना सिटी के अगमकुआं थानाक्षेत्र के बड़ी पहाड़ी स्थित एनएच 30 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बेलगाम हाईवा ट्रक की टक्कर से स्कूल जा रहे ...
पटना सिटी के अगमकुआं थानाक्षेत्र के बड़ी पहाड़ी स्थित एनएच 30 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बेलगाम हाईवा ट्रक की टक्कर से स्कूल जा रहे भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों बच्चों को इलाज के लिए पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) में भर्ती कराया, जहां 7 वर्षीय बच्ची देवी कुमारी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि उसके भाई, 8 वर्षीय दिराज कुमार की हालत भी चिंताजनक है। घटना से आक्रोशित बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा किया। गुस्साई भीड़ ने हाईवा ट्रक के चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आक्रोशित लोगों ने एनएच 30 को घंटों जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर भी पथराव करना शुरू कर दिया। इस दौरान घटनास्थल पर कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी असामाजिक तत्वों ने दुर्व्यवहार किया और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। हालात बिगड़ने पर पटनासिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत किया। घायलों की पहचान बड़ी पहाड़ी निवासी फेकन महतो के पुत्र दिराज कुमार और पुत्री देवी कुमारी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दोनों भाई-बहन पैदल स्कूल जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक बेलगाम हाईवा ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में देवी कुमारी का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पटनासिटी के सहायक पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा ने घटना की पुष्टि की और बताया कि घायल भाई-बहनों के साथ ही ट्रक चालक को भी पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




.png)