पटना सिटी के खाजेकला थानाक्षेत्र के लोदी कटरा मोहल्ले में दुर्गा पूजा के चंदा को लेकर विवाद के बाद एक स्वर्ण आभूषण दुकानदार और स्थानीय युवक...
पटना सिटी के खाजेकला थानाक्षेत्र के लोदी कटरा मोहल्ले में दुर्गा पूजा के चंदा को लेकर विवाद के बाद एक स्वर्ण आभूषण दुकानदार और स्थानीय युवकों के बीच झड़प हो गई। दुकानदार द्वारा अपेक्षाकृत कम चंदा दिए जाने पर बहस शुरू हुई, जो हिंसक हो गई। गुस्से में दुकानदार ने युवकों पर तेजाब फेंक दिया, जिससे खाजेकला निवासी अमन कुमार और साहिल कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। तेजाब की चपेट में आने से सड़क पर गुजर रही दो महिलाएं भी आंशिक रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और भीड़ ने दुकानदार की स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत किया और हालात पर काबू पाया। घायल युवकों को पहले एनएमसीएच और फिर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खाजेकला थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना ने बताया कि पीड़ितों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति अब नियंत्रण में है।





