PATNA CITY : आलमगंज थानाक्षेत्र के महावीर घाट बीते देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा गंगा में छलांग लगाकर खुदकुशी कर लिए जाने की घ...
PATNA CITY : आलमगंज थानाक्षेत्र के महावीर घाट बीते देर रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा गंगा में छलांग लगाकर खुदकुशी कर लिए जाने की घटना की सूचना पर पुलिस ने आज दूसरे दिन एसडीआरएफ की मदद से तीनों शवों की तलाश को लेकर गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि गंगा में घंटो सर्च ऑपरेशन चलाए जाने के बाद भी अब तक तीनों शवों की बरामदगी नहीं हो सकी है। गौरतलब है की बीते देर रात खाजेकला थानाक्षेत्र के जग्गी का चौराहा मोहल्ला निवासी स्वर्गीय अनिल कुमार सिन्हा के 27 वर्षीय पुत्र गौरव कुमार ने अपनी मां गीता देवी और छोटी बहन शिखा कुमारी के साथ गंगा में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली थी। खुदकुशी करने के पूर्व गौरव कुमार ने अपने परिजनों को व्हाट्सएप मैसेज के द्वारा खुदकुशी किए जाने की सूचना दी थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद आलमगंज थानाक्षेत्र के महावीर घाट से लावारिस हालत में खड़े गौरव कुमार की मोटरसाइकिल, तीनों का चप्पल और बाइक के हैंडल में लगे सुसाइड नोट भी बरामद कर लिया था। हालांकि सुसाइड नोट में खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं था। युवक गौरव कुमार एचडीएफसी बैंक अशोक राजपथ अरविंद हॉस्पिटल शाखा का कर्मचारी बताया जाता है। गौरव के परिजनों ने जहां खुदकुशी के कारणों को बताने में असमर्थता जताई हैं, वही पड़ोसियों के मुताबिक गौरव कुमार काफी कर्ज में डूबा था ऐसे में आशंका जताई जाती है कि इसी हताशा में गौरव द्वारा अपनी मां और बहन के साथ खुदकुशी की घटना को अंजाम दिया गया है। पूरे मामले पर पूछे जाने पर आलमगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए शवों की बारामदगी को लेकर गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की बात दोहराई है। थानाध्यक्ष की माने तो गौरव कुमार के मोबाइल का लास्ट टावर लोकेशन बीते देर रात बख्तियारपुर था। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में परिजनों का अब तक कोई भी आवेदन पुलिस को प्राप्त नहीं हुआ है । थानाध्यक्ष ने ऑफ द रिकॉर्ड मामला संदेहास्पद होने की भी आशंका जाहिर की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन में जुटी है।




