patna city : खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर मंसूरपुर गांव में आपसी रंजिश में अपराधियों ने 50 वर्षीय अधेड़ राजेंद्र सिंह को गोली मार दी। आ...
patna city : खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर मंसूरपुर गांव में आपसी रंजिश में अपराधियों ने 50 वर्षीय अधेड़ राजेंद्र सिंह को गोली मार दी। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र सिंह को इलाज के लिए खुसरूपुर पीएससी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना से गुस्साए घायल के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर उतर कर जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन को घंटों जाम रखा। बाद में फतुहा डीएसपी, खुसरूपुर प्रखंड पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के आश्वासन के बाद फोरलेन पर परिचालन सामान्य कराया गया। बताया जाता है कि लोदीपुर मंसूरपुर निवासी राजेंद्र सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस दौरान अपराधियों ने उन्हें एक गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है की लगभग 3 माह पूर्व बीते 26 अगस्त को आपसी रंजिश में अपराधियों ने अरुण कुमार सिंह और मंजू देवी नामक दंपत्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस अपराधियों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिसे लेकर ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। घायल राजेंद्र सिंह मृतक दंपति के गोतिया बताए जाते हैं।।




