पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र के शीश महल हमाम पर मोहल्ले में संपत्ति के विवाद को लेकर सगे बड़े भाई और उसके बेटे ने मिलकर छोटे भाई की चा...
पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र के शीश महल हमाम पर मोहल्ले में संपत्ति के विवाद को लेकर सगे बड़े भाई और उसके बेटे ने मिलकर छोटे भाई की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई के संबंधी पर भी चाकूओ से जानलेवा हमला बोल दिया, जिसमे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चाकूबाजी की इस घटना में आरोपी बड़ा भाई भी घायल हो गया। घायल युवक और आरोपी बड़े भाई को पुलिस ने इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान खजेकलां के शीश महल हमाम पर मोहल्ला निवासी कारू गोप के रूप में की गई है। बताया जाता है कि कारु गोप का अपने बड़े भाई जय बाबू राय के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद के क्रम में ही आज दोनों परिवार के बीच झगड़ा हुआ और झगड़े के क्रम में ही बड़े भाई जय बाबू राय और उसके बेटे ने मिलकर कारू गोप की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कारु गोप के साडू के बेटे मनीष कुमार पर भी चाकुओं से हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल कारू गोप को इलाज के लिए गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भर्ती मनीष कुमार ने जय बाबू राय और उसके बेटे पर ही हत्या किए जाने की बात पुलिस को बताई है। मौके पर मौजूद खाजेकला थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई और उसके बेटे द्वारा ही छोटे भाई की हत्या किए जाने की बात दोहराते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिए जाने का भी भरोसा दिलाया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।




