PATNA CITY बाईपास थानाक्षेत्र के लोहा गोदाम छोटी पहाड़ी रोड में बीते देर रात दो युवकों की हुई हत्या को लेकर मृतक के परिजनों और मोहल्लेवासि...
PATNA CITY बाईपास थानाक्षेत्र के लोहा गोदाम छोटी पहाड़ी रोड में बीते देर रात दो युवकों की हुई हत्या को लेकर मृतक के परिजनों और मोहल्लेवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश व्याप्त है। आलमगंज के दादर मंडी निवासी मृतक चंदन कुमार का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों और मोहल्ले वासियों ने शव को सड़क पर रखकर अशोक राजपथ को जाम कर दिया है। आक्रोशित परिजन और मोहल्लेवासी सड़क पर आगजनी कर जमकर हंगामा मचा रहे हैं। अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग पर सैकड़ों की संख्या में मोहल्ले वासी सड़क पर आगजनी कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। सड़क जाम हंगामे की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले वासियों को समझाने बुझाने में जुटी है।
इस मौके पर मृतक चंदन कुमार के बड़े भाई राजू कुमार और मोहल्लावासी रोहित कुमार ने बताया कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, और डेढ़ वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी, और उसे 4 माह का एक बच्चा भी है। परिजनों और मोहल्ले वासियों ने बताया कि चंदन की हत्या से उसके पूरे परिवार का भविष्य अंधकार में हो गया है। गौरतलब है कि बीते देर रात अज्ञात अपराधियों ने बाईपास थानाक्षेत्र के लोहा गोदाम छोटी पहाड़ी रोड में कंकड़बाग से अपने घर लौट रहे स्कूटी सवार चंदन कुमार और अगमकुआं थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी निवासी प्रॉपर्टी डीलर सौरव अभिनंदन उर्फ गोलू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने सौरभ अभिनंदन उर्फ गोलू की जमीनी विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है। वहीं चंदन की हत्या का कारण अबतक स्पष्ट नहीं हो सका है।।





