PATNA : बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बाजार समिति के निकट कागज के कतरन के गोडाउन में आग लगने से लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गयी। साथ ही एक ठ...
PATNA : बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बाजार समिति के निकट कागज के कतरन के गोडाउन में आग लगने से लाखों की संपत्ति जल कर राख हो गयी। साथ ही एक ठेला व एक पुराना दो पहिया वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। घटना गुरुवार की रात की है। आग लगने का कारण स्पष्ट नही हो सका है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की सात यूनिट घटना स्थल पर पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस संबंध में पटना सिटी फायर ब्रिगेड के फायर ऑफिसर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पटना सिटी फायर ब्रिगेड कार्यालय से दो बड़ी व दो छोटी यूनिट, कंकड़बाग फायर ब्रिगेड से दो बड़ी यूनिट एवं लोदीपुर से एक बड़ी यूनिट घटना स्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। हालांकि आग अंदर से सुलग रही थी। शुक्रवार की सुबह भी पटना सिटी फायर ब्रिगेड कार्यालय से एक बड़ी यूनिट घटना स्थल पर पहुंच कर आग बुझाने का काम किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने से इलाके में अफरा तफरी मच गई। आसपास घनी आबादी होने से घटना स्थल पर लोगों की काफी भीड़ जुट गयी थी। पूरे इलाके में धुआं फैल गया था। लोगों ने कहा कि अगर समय से आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के भवनों को भी नुकसान पहुंचता। वहीं पीड़ित ने बताया कि आग लगने से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। हालांकि लाखों की संपत्ति जलने का अनुमान है।



