PATNA : राजधानी पटना के खुसरूपुर प्रखंड कार्यालय में खुसरूपुर पंचायत चुनाव का मतगणना कार्य संपन्न हो गया। प्रखंड के सभी 7 पंचायतों में मुखि...
PATNA : राजधानी पटना के खुसरूपुर प्रखंड कार्यालय में खुसरूपुर पंचायत चुनाव का मतगणना कार्य संपन्न हो गया। प्रखंड के सभी 7 पंचायतों में मुखिया पद के लिए जनता ने नए चेहरे को चुना। खुसरूपुर जिला परिषद सदस्य पद के लिए जहां रूबी कुमारी निर्वाचित घोषित की गई, वहीं उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी वर्तमान जिला परिषद सदस्य अंकिता कुमारी को हराया। हरदास बीघा पंचायत से मुखिया पद के लिए सबसे कम उम्र की उम्मीदवार 21 वर्षीय नीतू कुमारी ने जीत हासिल की। बैकटठपुर पंचायत से मुखिया पद के लिए मिठाई के दुकान चलाने वाले उचित कुमार राम विजय घोषित किए गए। चौड़ा पंचायत से सुलेखा देवी, मोसिमपुर पंचायत से जगदीप सिंह उर्फ कल्लू मुखिया, शुकरबेग पंचायत से अनीता देवी, हैबतपुर पंचायत से सोखन देवी, और अलावलपुर पंचायत से सुधांशु कुमार, मुखिया पद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए। इसी तरह पंचायत समिति सदस्य के 10 सीटों में 9 सीटों पर नए चेहरों ने जीत हासिल की। बाद में निर्वाची पदाधिकारी सह खुसरूपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी निर्वाचित उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। चुनाव में जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों के जहां चेहरे खिल उठे, वहीं चुनाव में हार का सामना करने वाले उम्मीदवारों में मायूसी देखी गई।



