पटना सिटी। मालसलामी थाना क्षेत्र के दमराही घाट पानी टंकी इलाके में बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक मिर्चा कारोबारी को पिस्तौल...
पटना सिटी। मालसलामी थाना क्षेत्र के दमराही घाट पानी टंकी इलाके में बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक मिर्चा कारोबारी को पिस्तौल का भय दिखाकर पाँच लाख रुपए लूट लिए। लूट होने की जानकारी पीड़ित कारोबारी ने तुरंत स्थानीय थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फौरन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी। लुटेरों की पहचान को लेकर पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है।
पीड़ित मिर्चा कारोबारी अमरदीप कुमार ने बताया कि हम अपने एक अन्य सहयोगी परमानंद कुमार के साथ मारूफगंज स्थित अपनी दुकान बंद कर तगादा का पैसा लेकर अपने घर दमराही घाट लौट रहे थे। तभी घर से महज चंद कदम की दूरी पर तीन बाइक सवार चार की संख्या में अपराधी आए और उनमें से दो अपराधी हथियार से लैस थे। तभी अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर मिर्चा कारोबारी से ₹500000 नगद लूट लिए। इस दौरान अपराधियों ने कारोबारी को गन प्वाइंट पर लेकर उनकी स्कूटी भी लूट ली।
घटना की पुष्टि करते हुए मालसलामी थाना के अपर थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।





