पटना। भाजपा नेता और पूर्व सांसद विजय सिंह यादव का निधन हो गया है। वे पटना के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली है। बता दें कि वे काफी दि...
पटना। भाजपा नेता और पूर्व सांसद विजय सिंह यादव का निधन हो गया है। वे पटना के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली है।
बता दें कि वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज पटना के ही एक निजी अस्पताल में हो रहा था। उनके बेटे ने बताया कि उन्हें किडनी से जुड़ी समस्या थी। डॉक्टरों ने उनके निधन की वजह कार्डियक अरेस्ट बताया है। यहां यह बताना जरूरी है कि वे कोरोना से संक्रमित नहीं थे। पिछले वर्ष इनके छोटे भाई नगर परिषद के पूर्व उपमुख्य पार्षद राज किशोर यादव की भी कोरोना से मौत हो गई थी। उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।
पूर्व सांसद एवं दानापुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय सिंह यादव के निधन पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व पटना साहिब विधायक नंद किशोर यादव ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं समर्पित समाजसेवी थे। उनके निधन से मर्माहत हूँ। श्री यादव ने कहा की ईश्वर उनके आत्मा की शांति प्रदान करें एवं उनके परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दें।
पाटलिपुत्र से भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से वे पूरी तरह मर्माहत हैं। रामकृपाल ने कहा कि उनके जाने से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षति हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को दुख सहन की शक्ति दें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने शोक जताते हुए कहा कि उनका देहावसान अत्यंत पीड़ादायक है।
राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।




