पटना सिटी। पश्चिम दरवाजा के अशोक राजपथ स्थित एमएए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी बुधवार से कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस संबं...
पटना सिटी। पश्चिम दरवाजा के अशोक राजपथ स्थित एमएए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी बुधवार से कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। इस संबंध में पटना के जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने पटना सिटी अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश रंजन और पटना नगर निगम अजीमाबाद अंचल के ईओ राकेश कुमार सिंह को निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को जिलाधिकारी गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में चल रहे वैक्सीन सेंटर की समीक्षा करने पहुंचे। जहां अव्यवस्था देख जिलाधिकारी अस्पताल प्रशासन पर पूरी तरह विफर पड़े। इस दौरान वैक्सीन लगवाने आए काफी संख्या में लोगों ने डीएम से अव्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई।
मौके पर पूर्व पार्षद सह अस्पताल सुधार समिति के अध्यक्ष बलराम चौधरी ने जिलाधिकारी को पश्चिम दरवाजा स्थित एम ए ए उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वैक्सीन सेंटर खोलने को लेकर अनुरोध किया। जिसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर मौके पर ही अनुमंडल पदाधिकारी एवं नगर निगम अजीमाबाद अंचल के ईओ को वैक्सीनेशन केंद्र संचालन करने को लेकर बुधवार की सुबह तक सारी तैयारी पूरी करने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि एम ए ए माध्यमिक विद्यालय में 18 से 44 आयु वर्ग के व 45 वर्ष से ऊपर के लोगों को गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल में व्यक्ति लगाने की व्यवस्था होगी। दोनों केंद्रों पर वैक्सीन लेने आने वाले को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए इसके लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हेल्प डेस्क बनाने का भी निर्देश दिया है।
कोविड-19 वैक्सीनेशन में तेजी लाने को लेकर पटना सिटी में छह और वैक्सीनेशन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को टीका दिया जाएगा। जिसके तहत दीदारगंज स्थित राजकीय कन्या विद्यालय, हाजीगंज स्थित जालान उच्च विद्यालय, गुलजारबाग स्थित राजकीय उच्च विद्यालय, आलमगंज स्थित एफ एन एस अकैडमी, मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित मध्य विद्यालय व बड़ी पहाड़ी स्थित मध्य विद्यालय परिसर में संबंधित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़कर कोविड-19 वैक्सीनेशन चालू किया गया है।




