पटना। पटना हाईकोर्ट के दिशा निर्देश पर राज्य मानवाधिकार आयोग के सचिव राजेश कुमार और पटना एम्स के निदेशक डॉ प्रभात कुमार सिंह ने आज पटना सिट...
पटना। पटना हाईकोर्ट के दिशा निर्देश पर राज्य मानवाधिकार आयोग के सचिव राजेश कुमार और पटना एम्स के निदेशक डॉ प्रभात कुमार सिंह ने आज पटना सिटी पहुंच कर अगमकुआं स्थित कोरोना अस्पताल घोषित एनएमसीएच का दौरा किया। इस दौरान आयोग के सचिव और पटना एम्स के निदेशक अस्पताल में घूम-घूम कर मरीजों को मिलने वाली सुविधा का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने अस्पताल प्रशासन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी किया। जिसमें उन्होंने अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों को मिलने वाली चिकित्सीय सुविधाओं व व्यवस्थाओं की भी अहम जानकारी ली। साथ ही मौके पर आयोग के सचिव और पटना एम्स के निदेशक ने अस्पताल प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
इस दौरान मानवाधिकार आयोग के सचिव और पटना एम्स के निदेशक से जब मीडिया कर्मियों ने निरीक्षण से संबंधित जानकारी लेना चाहा तो उन्होंने बताया कि वे लोग पटना हाईकोर्ट के विशेष दिशा निर्देश पर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे हैं। निरीक्षण के दौरान जो भी चीजें सामने आई है, उसे पटना हाई कोर्ट को अवगत कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एनएमसीएच के अधीक्षक डॉ विनोद कुमार सिंह, नालंदा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ हीरालाल महतो सहित अस्पताल में तैनात कई अन्य चिकित्सक में उपस्थित रहे।






